गुरुग्राम: प्रेमी जोड़े को बचाने के लिए होटल संचालक ने की फायरिंग,तीन घायल

-परिजनों को होटल में घुसने से रोकने के लिए होटल संचालक ने चलाई गोली

गुरुग्राम, 1 अप्रैल (हि.स.)। पटौदी स्थित एक होटल संचालक द्वारा मंगलवार की अल सुबह पांच राउंड फायरिंग की गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर पुलिस ने गोली चलाने वाले होटल मालिक को हिरासत में ले लिया। उसके लाइसेंसी हथियार को भी बरामद किया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

पटौदी थाना पुलिस को सुबह सूचना मिली कि पटौदी के एक होटल में गोली चली है। इस गोलीकांड में तीन लोग घायल हुए, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को पता चला कि पटौदी क्षेत्र के एक किशोर व किशोरी घर से भागकर होटल में आए हैं। इसकी जानकारी जब किशोरी के परिजनों को लगी तो वे किशोरी को ढूंढते हुए होटल पहुंच गए। इस दौरान उनके साथ काफी अधिक संख्या में लोग थे, जिन्होंने होटल में घुसने का प्रयास किया। सभी युवक व युवती को अपने हवाले करने की जिद कर रहे थे। होटल संचालक द्वारा पुलिस को बुलाकर दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।

बताया जा रहा है कि जब भीड़ उग्र होने लगी तो होटल संचालक राजकुमार ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से फायर कर दिए। पांच राउंड फायर से तीन लोग घायल हो गए। पटौदी के वार्ड-15 के रहने वाले वसीम, वार्ड-10 के सौरभ और संदीप घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस पर होटल संचालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि राजकुमार पहले फौज में था। रिटायर होने के बाद वह होटल चला रहा है। घायल हुआ वसीम किशोरी का रिश्तेदार है, जबकि दो अन्य संदीप और सौरभ राहगीर हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर