गुरुग्राम:ग्रीन डेवलपमेन्ट पर भी देना होगा विशेष ध्यान: भूपेंद्र यादव
- Admin Admin
- Feb 07, 2025
![](/Content/PostImages/d96202f5710f5b7c7b41c0476e147262_1749504560.jpg)
-अरावली ग्रीन वॉल पार्टनरशिप शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन के सत्र का केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव व कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया शुभारंभ
गुरुग्राम, 7 फरवरी (हि.स.)। अरावली पर्वत श्रृंखला में क्षरित भूमि के पुनर्वास, भूजल स्तर में बढ़ोतरी, जैव विविधता संरक्षण को बढ़ाने व स्थायी भूमि उपयोग के लिए सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुग्राम में तीन दिवसीय अरावली ग्रीन वॉल पार्टनरशिप शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन के सत्र का केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव तथा हरियाणा के पर्यावरण, वन और वन्यजीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। राज्य जैव विविधता बोर्ड और द नेचर कंजर्वेंसी इंडिया सॉल्यूशंस (एनसीआईएस) द्वारा संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम में गुरुग्राम में आयोजित किया जा रहा है।
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया के नक्शे पर गुरुग्राम तीव्र गति से बढ़ता एक आधुनिकता शहर है, जिसमें विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं के समानांतर हमें ग्रीन डेवलपमेन्ट पर भी विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि इस बात के स्पष्ट प्रमाण हैं कि यदि हम प्रकृति को उसके तरीके से धैर्यपूर्वक रूप में विकसित होने देंगे तो निश्चित रूप से मानव जाति को इसका सकारात्मक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अरावली पर्वत श्रृंखला राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित आस-पास के क्षेत्र को सांस देने के साथ-साथ रेगिस्तान को भी बढऩे से रोकती है। ऐसे में अरावली के संरक्षण को लेकर सामूहिक प्रयास में हम सभी को अपना योगदान करना चाहिए। अरावली ग्रीन वाल परियोजना के तहत भविष्य में गुरुग्राम व आस-पास के जिलों की सामाजिक, धार्मिक, शिक्षण व अन्य संस्थाएं मिलकर अरावली के विकास में कार्य करेंगे। जिससे क्षेत्र में इको टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जैव विविधता में अरावली पर्वत श्रंृखला काफी मददगार है। उन्होंने अरावली संरक्षण में प्राकृतिक उपायों को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि हमें इस क्षेत्र में सॉइल हेल्थ पर भी काम करना होगा। केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान अरावली क्षेत्र को विभिन्न जोन में विभाजित कर वहां जिला की विभिन्न संस्थाओं से एक पेड़ मां के नाम अभियान में सहभागिता का आह्वान भी किया।
अरावली ग्रीन वाल परियोजना से बढ़ेगी हरियाली: राव नरबीर
सम्मेलन को संबोधित करते हुए हरियाणा के पर्यावरण, वन और वन्यजीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हम हरियाणावासियों का सौभाग्य है कि दुनिया की सबसे प्राचीन पर्वत श्रृंखला अरावली व नवीनतम पर्वत श्रृंखला शिवालिक हरियाणा की धरती पर विस्तारित हैं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव व कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम शहर के जल निकायों पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। सम्मेलन में अरावली संरक्षण के लिए सहयोग के रूप में हरियाणा सरकार के राज्य वन विभाग और सांकला फाउंडेशन के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर भी किए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर