गुरुग्राम: विकास और सुशासन के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे: सुभाष बराला
- Admin Admin
- Feb 15, 2025

-निकाय चुनाव में भाजपा को विजयश्री मिलना तय
-गुरुग्राम के चुनाव प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने गुरुग्राम में कार्यकर्ताओं की ली बैठक
गुरुग्राम, 15 फ़रवरी (हि.स.)। गुरुग्राम के चुनाव प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा निकाय चुनाव को गंभीरता से ले रही है। उन्हाेंने दावा करते हुए कहा कि मेयर, चेयरमैन व सभी पार्षद भाजपा के चुने जाएंगे और हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी। शनिवार काे गुरुग्राम में कार्यकर्ताओं की बैठक के बराला पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में जनता कांग्रेस को नकार चुकी है और कांग्रेस भी पहले ही हार मान चुकी है।
नगर निकाय चुनाव में उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद कार्यकर्ताओं की बैठक लेने गुरुग्राम पहुंचे राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा विकास और सुशासन के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करेगी। बराला ने कहा कि हमारा संकल्प पत्र जल्द ही जारी कर दिया जाएगा। मानेसर नगर निगम क्षेत्र के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा भी जल्द हो जाएगी।
सुभाष बराला ने कहा कि चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से गुरुग्राम के सभी 36 वार्डों में कमल खिलेगा और मेयर भी भाजपा का ही बनेगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा का चुनाव बीत गया, सेशन बीत गया, कांग्रेस पार्टी ने अब तक विपक्ष का नेता नहीं चुना। बराला ने कहा कि निकाय चुनाव को लेकर भी कांग्रेस गंभीर दिखाई नहीं दे रही है।
एक सवाल पर बराला ने कहा कि हमने सुशासन, समान विकास, पारदर्शिता के अलावा बहुत सारे मुद्दों को लेकर हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाई है। निकाय चुनाव में हम वार्ड व क्षेत्र के मुद्दों को लेकर जनता से वोट मांगेंगे।
भाजपा के सामने कोई चुनौती नहीं : कमल यादव
भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से हम लगातार चुनाव जीत रहे हैं। निकाय चुनाव में पार्टी ने समर्पित कार्यकर्ताओं को टिकट दी है। सभी वार्डों में कमल खिले इसके लिए हमारी समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की टीम तैयार है। पत्रकार के एक सवाल पर उन्होंने कहा कि समाज के अंदर महिलाओं की भूमिका अग्रणीय है, इसलिए पार्टी ने टिकट वितरण में महिलाओं का खास ध्यान रखा है। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि जनता हमारे साथ है, इसलिए हमारे सामने निकाय चुनाव में कोई चुनौती नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर