गुरुग्राम: फ्लिपकार्ट की लॉजिस्टिक कंपनी के सामान में लाखों के सामान की हेराफेरी

-टीम लीडर ने 898 शिपमेंट किए गायब

गुरुग्राम, 17 मई (हि.स.)। बिलासपुर थाना क्षेत्र में फ्लिपकार्ट की लॉजिस्टिक कंपनी में 10 लाख की हेराफेरी कर ली गई। कंपनी ने 898 शिपमेंट गबन करने का आरोप लगाते हुए टीम लीडर समेत दो कर्मचारियों पर केस दर्ज कराया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।

इंस्टाकार्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि रितिनदीप ने रविवार को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी फ्लिपकार्ट समेत कई ई-कॉमर्स कंपनियों को लॉजिस्टिक सेवा देती है। कंपनी का बिलासपुर हब गांव बोहडाकलां में है। जहां 20 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब सवा तीन बजे टीम लीडर कपिलदेव निवासी जींद ने 14 शिपमेंट बैग और एक अतिरिक्त बैग कुल 15 बैग अवैध रूप से हब से हटा दिए। जिन्हें एक वाहन में लोड कर निकाल दिया गया। यह काम बिना गेट पास, बिना पूर्व-सूचना ईमेल, बिना ट्रिप शीट और बिना स्कैनिंग के किया गया। इस बाबत आरोपी हिसार निवासी कुलदीप ने पटौदी बाईपास के पास कपिलदेव को बैग सौंपे थे। अप्रैल 2026 में कंपनी ने गड़बड़ी का पैटर्न पकड़ा। कुल 898 शिपमेंट गायब मिले, जिनकी कीमत 10 लाख 41 हजार 235 रुपये है। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।

   

सम्बंधित खबर