चोरी की वारदात बनी खूनी संघर्ष: बदमाशाें से भिड़े परिजन व ग्रामीण, पिटाई से हिस्ट्रीशीटर की मौत
- DSS Admin
- May 23, 2026
लखीमपुर खीरी, 23 मई (हि.स.)। थाना खमरिया क्षेत्र के राजापुर गांव में शुक्रवार आधी रात चोरी की नीयत से घर में घुसे बदमाशों का सामना जब परिवार और ग्रामीणों से हुआ तो पूरा गांव रणक्षेत्र में बदल गया। महिलाओं की सूझबूझ और बहादुरी से चोरी की वारदात तो नाकाम हो गई, लेकिन बदमाशों और ग्रामीणों के बीच हुई हिंसक भिड़ंत में एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बदमाश की मौत हो गई, जबकि चाकूबाजी में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त फोर्स तैनात कर फरार बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी सुशील पुत्र श्रीराम के घर शुक्रवार रात करीब दो बजे तीन से चार बदमाश दीवार फांदकर घुस आए। बदमाश घर में रखे बक्सों और अलमारियों के ताले तोड़कर कीमती सामान तलाश रहे थे। इसी दौरान खटपट की आवाज सुनकर सुशीला पत्नी सुशील और सुंदरा पत्नी सुभाष की आंख खुल गई। बाहर निकलकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और एक बदमाश घर के भीतर मौजूद था, जबकि उसके साथी बाहर निगरानी कर रहे थे।
हालात को भांपते हुए दोनों महिलाओं ने साहस दिखाया और शोर मचाते हुए बदमाशों का विरोध शुरू कर दिया। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए। इसी बीच अंकित और सतीश मौके पर पहुंचे और बदमाशों को पकड़ने की कोशिश करने लगे। देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई और शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों की भीड़ बढ़ती देख बदमाश बौखला गए और बच निकलने के लिए चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में अंकित (18) और सतीश (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के गर्दन और शरीर पर गहरे घाव आए हैं। खून से लथपथ दोनों युवकों को आनन-फानन जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
इधर ग्रामीणों ने भाग रहे एक बदमाश को गांव के पास केले के खेत में दबोच लिया। घायल युवकों को देखकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और पकड़े गए बदमाश की जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में उसकी पहचान मुन्नीलाल पुत्र शिवराज निवासी मंदूरा के रूप में हुई। सूचना पर थाना प्रभारी निर्मल तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
35 मुकदमों में वांछित था मृतक बदमाश
धौरहरा क्षेत्राधिकारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक मुन्नीलाल क्षेत्र का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अपराधी था। उसके खिलाफ थाना खमरिया, ईसानगर समेत कई थानों में डकैती, लूट, चोरी, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 35 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस के मुताबिक उसके दो साथी सोनेलाल और सागर निवासी सुरजनपुर मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
गांव में दहशत, पुलिस कर रही निगरानी
शनिवार सुबह घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों का कहना है कि मुन्नीलाल लंबे समय से गिरोह बनाकर क्षेत्र में चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है। थाना प्रभारी ने शनिवार काे बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------

