रीवा : शासकीय राशि गबन मामले में पूर्व सरपंच-सचिव पर सख्त कार्रवाई, गिरफ्तारी के निर्देश
- DSS Admin
- May 12, 2026
रीवा, 12 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले की जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान अंतर्गत ग्राम पंचायत जोगिंनहाई में शासकीय राशि के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में जिला पंचायत प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच औसरी कोल और तत्कालीन सचिव धीरज सिंह के विरुद्ध गिरफ्तारी की कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत जोगिंनहाई में विकास कार्यों के लिए आवंटित शासकीय राशि के गबन और अनियमितताओं की जांच की गई थी। जांच में दोषी पाए जाने पर दोनों के खिलाफ वसूली की राशि निर्धारित की गई थी तथा राशि जमा कराने के लिए पर्याप्त समय भी दिया गया था।
इसके बावजूद पंचायत राज अधिनियम की धारा 92 के तहत चल रही वसूली प्रक्रिया में राशि जमा नहीं कराई गई। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जिला पंचायत सीईओ ने धारा 92(2) के अंतर्गत दोनों के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया।
जिला पंचायत कार्यालय की ओर से थाना प्रभारी रायपुर कर्चुलियान को पत्र भेजकर निर्देश दिए गए हैं कि संबंधितों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। आदेश में कहा गया है कि यदि निर्धारित राशि शासकीय कोष में जमा नहीं की जाती है तो दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर सेंट्रल जेल रीवा भेजा जाए।
सीईओ मेहताब सिंह गुर्जर ने यह भी स्पष्ट किया है कि शासकीय धन के दुरुपयोग के मामलों में किसी भी जनप्रतिनिधि या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की प्राथमिकता पंचायत स्तर पर पारदर्शिता बनाए रखना और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण करना है।

