हिमाचल के पांच जिलों में अगले चार दिन बर्फबारी के आसार, बढ़ेगी ठंड

शिमला, 07 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में अगले चार दिन बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आठ से 11 फरवरी तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। इसके चलते प्रदेश में ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है। हालांकि अन्य सात जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और वहां ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

शीतलहर का कहर जारी, कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे

प्रदेश में शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है। लाहौल-स्पीति का कूकुमसेरी राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है, जहां तापमान -12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा ताबो में -11 डिग्री, केलांग में -11.4 डिग्री और कल्पा में -3.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा कुछ जगह पारा जमाव बिंदू के करीब पहुंच गया है। भुंतर में 0.8 डिग्री, मनाली में 0.5 डिग्री, भरमौर में 0.8 डिग्री व सियोबाग में 0.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है।

राजधानी शिमला में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और पारा 4.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने बताया कि बीते 24 घंटों में कोकसर में 1.2 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई।

शुक्रवार को खिली धूप, सर्दी से मिली कुछ राहत

शुक्रवार को पूरे प्रदेश में धूप खिली रही, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। लेकिन रात के समय तापमान में गिरावट देखी गई। बीते 24 घंटों में राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे रातें और ज्यादा सर्द हो गई हैं।

अगले चार दिन ठंड बढ़ने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार आठ से 11 फरवरी के बीच बर्फबारी होने से राज्य में ठंड बढ़ सकती है। हालांकि 12 फरवरी के बाद मौसम के साफ रहने की संभावना है। इसके चलते दिन में धूप निकल सकती है, लेकिन रातें सर्द बनी रहेंगी।

इस बीच प्रदेश के पर्यटक स्थलों शिमला, मनाली, डलहौजी और कुफरी में पर्यटकों की आवाजाही बनी हुई है। यदि बर्फबारी होती है तो यह पर्यटकों के लिए रोमांचक अनुभव होगा। लेकिन स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

   

सम्बंधित खबर