मुख्यमंत्री ने पचपदरा के मंडापुरा में एचपीसीएल के नए फ्लैगशिप रिटेल आउटलेट का किया उद्घाटन
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
बालोतरा/जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को पचपदरा के मंडापुरा में एचपीसीएल के नए फ्लैगशिप रिटेल आउटलेट का उद्घाटन किया। साथ ही, उन्होंने पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान राजस्थान के सभी एचपीसीएल आउटलेट्स पर 10 हजार पौधे लगाए गए।
मुख्यमंत्री ने नए फ्लैगशिप रिटेल आउटलेट पर फूड प्लाजा सुविधा भी आमजन को समर्पित की। इस दौरान एचपीसीएल प्रतिनिधियों ने बताया कि इस आउटलेट का निर्माण राजस्थानी थीम पर किया गया है। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को राजस्थान की तकदीर और तस्वीर बदलने वाली एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। यह रिफाइनरी प्रदेश के साथ-साथ देश की ईंधन क्षमता को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर केन्द्रीय संस्कृति तथा पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री के के विश्नोई, सांसद मदन राठौड़, विधायक अरूण चौधरी, हमीर सिंह भायल, डॉ. प्रियंका चौधरी, मुख्य सचिव वी श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, एचपीसीएल सीएमडी विकास कौशल, विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं एचपीसीएल के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------

