हंसराज कॉलेज में ‘कैंपस कनेक्ट-2026’ का शुभारंभ, प्रवेश प्रक्रिया पर विद्यार्थियों का किया गया मार्गदर्शन
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज में सोमवार को दो दिवसीय कार्यक्रम ‘हंसराज कैंपस कनेक्ट-2026’ का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य स्नातक प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों, प्रवेश प्रक्रिया और परिसर की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के पहले दिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अभिभावक शामिल हुए।
कार्यक्रम में हंसराज कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रमा, दिल्ली विश्वविद्यालय की डीन (प्रवेश) प्रो. हनीत गांधी, डिप्टी डीन (प्रवेश) प्रो. आनंद सोनकर तथा उप-प्राचार्या प्रो. विजय रानी राजपाल उपस्थित रहीं।
प्राचार्या प्रो. रमा ने स्वागत संबोधन में कॉलेज की समृद्ध शैक्षणिक परंपरा, विभिन्न पाठ्यक्रमों तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान और विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास के महत्व पर बल दिया।
इस अवसर पर कॉलेज की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों, अनुसंधान, छात्र-समितियों, खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा परिसर की सुविधाओं पर आधारित प्रस्तुति भी दी गई।
दिल्ली विश्वविद्यालय की डीन (प्रवेश) प्रो. हनीत गांधी ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया, कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) तथा विषय चयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वहीं डिप्टी डीन (प्रवेश) प्रो. आनंद सोनकर ने प्रवेश प्रक्रिया के विभिन्न चरणों और विद्यार्थियों द्वारा पूछे जाने वाले सामान्य प्रश्नों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों ने प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रमों, छात्रवृत्तियों, छात्र जीवन तथा करियर संभावनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को कॉलेज परिसर का भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने केंद्रीय पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, कक्षाओं, सेमिनार हॉल और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, ‘हंसराज कैंपस कनेक्ट-2026’ का आयोजन आगामी शैक्षणिक सत्र के प्रवेशार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया से पूर्व आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने के उद्देश्य से किया गया है।
---------------

