आज से शुरू होगी हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा, 383 केंद्रों पर 2.33 लाख अभ्यर्थी देंगे एचटेट

भिवानी स्थित बाेर्ड मुख्यालय से प्रश्न पत्र लेकर जाते अधिकारी


चंडीगढ़, 03 जुलाई । हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 का आयोजन शनिवार से पूरे प्रदेश में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू होगा। राज्यभर के 383 परीक्षा केंद्रों पर कुल 2,33,294 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें 1,66,137 महिला और 67,157 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं।

एचटेट के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक जिला उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों तथा पुलिस आयुक्तों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर चुके हैं।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अनुसार, 4 जुलाई को सायंकालीन सत्र में लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 73,091 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं, 5 जुलाई को प्रातःकालीन सत्र में लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा में 1,19,141 तथा सायंकालीन सत्र में लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा में 41,062 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।

शुक्रवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड मुख्यालय से प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस और बोर्ड अधिकारियों की निगरानी में सभी जिला मुख्यालयों के लिए रवाना किया गया।

मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को निर्देश दिए हैं कि पंचकूला, करनाल और कुरुक्षेत्र में एडीए परीक्षा के चलते जिन अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र अन्य जिलों में बनाए गए हैं, उनके लिए नियमित बस सेवाओं के साथ अतिरिक्त बसों की भी व्यवस्था की जाए। उन्होंने बताया कि जिन जिलों में एडीए परीक्षा नहीं है, वहां अधिकांश अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र उनके गृह जिला मुख्यालय पर ही बनाए गए हैं। केवल बहादुरगढ़ और महेंद्रगढ़ में उपमंडल स्तर पर भी परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।

परीक्षा को नकलमुक्त बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर दिए गए हैं। बोर्ड मुख्यालय में बने हाईटेक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से सभी केंद्रों की लाइव निगरानी की जाएगी। इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का भी उपयोग किया जाएगा, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके।

परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी की मेटल डिटेक्टर से तलाशी, बायोमेट्रिक सत्यापन और डाटा कैप्चरिंग की जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे 10 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा, जबकि परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटे पहले केंद्र के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।-------------------

   

सम्बंधित खबर