स्वस्थ असम के लक्ष्य को लेकर स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने ऊपरी असम के स्वास्थ्य संस्थानों का किया निरीक्षण

गुवाहाटी, 01 जुलाई (हि.स.)। असम के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री अशोक सिंघल ने बुधवार को शिवसागर और जोरहाट जिलों के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों का व्यापक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, आधारभूत संरचना और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। यह दौरा राज्य सरकार के 'स्वस्थ असम' अभियान के तहत स्वास्थ्य व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

दौरे की शुरुआत शिवसागर मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य के निरीक्षण से हुई, जहां मंत्री ने निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने राजाबाड़ी स्थित च्यु-का-फा मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल का दौरा कर उपलब्ध आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल केवल शिवसागर ही नहीं, बल्कि पूरे अपर असम के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।

इसके बाद मंत्री ने शिवसागर सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों, उपलब्ध सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में जिला स्वास्थ्य सेवाओं के प्रदर्शन, चिकित्सा व्यवस्था और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को शून्य के करीब लाने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने तथा अस्पतालों में उपयोग होने वाले चिकित्सा उपकरणों का नियमित कैलिब्रेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दोपहर बाद मंत्री ढेकियाखोवा बर नामघर पहुंचे और इसके पश्चात जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी सहित विभिन्न विभागों का दौरा कर मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत की और स्वास्थ्य सेवाओं पर उनकी प्रतिक्रिया ली। बाद में विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ चिकित्सकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, आधारभूत संरचना और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर काजीरंगा लोकसभा सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, विधायक रूपज्योति कुर्मी, विधायक विकास सैकिया, जोरहाट जिला आयुक्त जय शिवानी, आयुक्त-सचिव पी. अशोक बाबू, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. मनोज कुमार चौधरी, स्वास्थ्य सेवा निदेशक कमलजीत तालुकदार सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक और अधिकारी उपस्थित रहे।

-----------

   

सम्बंधित खबर