न्यू वेज कोड लागू करने की मांग को लेकर बर्नपुर में ठेका श्रमिकों का प्रदर्शन

पश्चिम बर्दवान, 01 जुलाई (हि. स.)। बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ (बीएमएस) के नेतृत्व में सेल-आईएसपी के सैकड़ों ठेका श्रमिकों ने बुधवार को उप मुख्य श्रम आयुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य ठेका श्रमिकों के लिए जल्द से जल्द न्यू वेज कोड लागू कराना था।

इस दौरान यूनियन की ओर से पूरे प्लांट के विभिन्न विभागों के करीब दो हजार से अधिक ठेका श्रमिकों के बीच चलाए गए व्यापक हस्ताक्षर अभियान की प्रतिलिपि भी उप मुख्य श्रम आयुक्त कार्यालय में जमा कराई गई। धरना-प्रदर्शन के दौरान उप मुख्य श्रम आयुक्त एस. सी. साहू के समक्ष यूनियन प्रतिनिधियों ने ठेका श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं के साथ न्यू वेज कोड लागू करने की मांग को विस्तार से रखा।

यूनियन नेताओं ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर पिछले माह बीएमएस कार्यालय में एक अधिवेशन आयोजित किया गया था। इसके अलावा फ्लाईओवर गेट के समक्ष हजारों श्रमिकों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया था।

प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए उप मुख्य श्रम आयुक्त ने आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र ही प्रबंधन और सरकारी प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम में बर्नपुर ठीकेदार मजदूर संघ के अध्यक्ष महेश बनर्जी, महासचिव संजीत प्रसाद, बर्नपुर इस्पात कर्मी संघ के अध्यक्ष अजय सिंह, जिलाध्यक्ष विजय कुमार, श्रीकांत साह, अमित सिंह, संतोष झा, प्रभात कुमार, रवि रजक तथा मिथलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर