राजस्थान में फिर बढ़ी गर्मी, बाड़मेर 45.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म
- DSS Admin
- May 17, 2026
जयपुर, 17 मई (हि.स.)। राजस्थान में एक बार फिर गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के सात शहरों का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि आठ शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री से अधिक रहा। मौसम विभाग ने आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और कई क्षेत्रों में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर 45.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि संगरिया में न्यूनतम तापमान 33.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सबसे गर्म रात रही। इसके अलावा बीकानेर में 45 डिग्री, जैसलमेर में 44.9 डिग्री तथा वनस्थली, चित्तौड़गढ़, फलौदी और श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। रात के तापमान की बात करें तो संगरिया के अलावा जालौर, फलौदी, बाड़मेर, कोटा, जैसलमेर, जोधपुर और चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में एक से तीन डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री के बीच बना हुआ है। आगामी दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री और बढ़ोतरी होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री तक पहुंच सकता है और कहीं-कहीं हीटवेव चल सकती है। उन्होंने बताया कि पूर्वी राजस्थान में भी अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री के बीच रहने और कुछ क्षेत्रों में लू चलने की संभावना है। राज्य के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में 18 से 22 मई के दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है।
राजधानी जयपुर में भी गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। यहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 1.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में जयपुर सहित प्रदेशभर में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई है।
---------------

