
सुलतानपुर, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के धोपाप धाम में आयोजित होने वाली श्रीराम कथा के शुभारंभ से एक दिन पहले सोमवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा सागर कुटीवा से प्रारंभ होकर पवित्र तीर्थ स्थल धोपाप पहुंची। आदि गंगा मां गोमती के पावन तट से जल भरकर आचार्य पंडित राहुल द्वारा विधिवत कलश पूजन कराया गया, जिसके बाद कलशों को भगवान श्रीराम के मंदिर में स्थापित किया गया।
शोभायात्रा में रथ पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं बजरंगबली की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। सैकड़ों की संख्या में मातृशक्तियों ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ इसमें सहभागिता की। कथा के मुख्य संयोजक एवं धोपाप विकास बोर्ड के अध्यक्ष रवीन्द्र त्रिपाठी के नेतृत्व में यह शोभायात्रा संपन्न हुई।
इस अवसर पर मुख्य आयोजक रवीन्द्र त्रिपाठी ने सोमवार को बताया कि 19 मई से 25 मई तक प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गत कई वर्षों से धोपाप धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं आध्यात्मिक वातावरण के विकास हेतु निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
कथा का विश्राम 25 मई को होगा, जिसके बाद रात्रि में तहरी प्रसाद का वितरण किया जाएगा। वहीं, 26 मई को प्रातः 6 बजे से प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा। श्री त्रिपाठी ने कलश शोभायात्रा के दौरान पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने सुरक्षा एवं व्यवस्था के व्यापक इंतजामों और पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने मातृशक्तियों, क्षेत्रवासियों एवं समस्त श्रद्धालुओं के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद एवं सहयोग से ही धोपाप का विकास और ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों का सफल संचालन संभव हो पा रहा है।

