उत्तर बंगाल में बारिश का कहर, पर्यटकों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

सिलीगुड़ी/दार्जिलिंग, 19 जून (हि. स.)। उत्तर बंगाल में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते हालात गंभीर बने हुए है। पहाड़ी और तराई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ऐसे में पश्चिम बंगाल सरकार ने पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किए है।

बीते 24 घंटों में लगभग 200 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिससे बालासन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।

कर्सियांग के दूधिया इलाके में अस्थायी पुल बह गया है, जिससे सिलीगुड़ी और मिरिक के बीच संपर्क टूट गया है।

वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग-110 पर कई जगह भूस्खलन हुआ है, जिससे यातायात बाधित है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने मौके का दौरा कर हालात का जायजा लिया और स्थायी समाधान की बात कही।

वहीं, पर्यटन एवं संसदीय कार्य मंत्री शंकर घोष ने बताया कि भारी बारिश के कारण पर्यटकों को काफी परेशानी हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए है। यह नंबर 1800-021-21655 और 0353-2513986 है। इन नंबरों पर कॉल कर पर्यटक किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी प्राप्त कर सकते है।

साथ ही दार्जिलिंग और कालिम्पोंग में भूस्खलन और खराब मौसम को देखते हुए एडवाइजरी जारी की गई है। प्रशासन ने सभी पर्यटकों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

गौरतलब है कि पिछले साल भी बारिश में दुधिया का मुख्य पुल क्षतिग्रस्त हुआ था, जिसके बाद अस्थायी पुल बनाया गया था। लेकिन इस बार मानसून की शुरुआत में ही वह बह गया, जिससे इलाके में डर और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

   

सम्बंधित खबर