जनकल्याण शिविर की अवधि एक दिन बढ़ी, अब गुरुवार तक चलेगा अभियान : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
कोलकाता, 17 जून (हि. स.)। राज्यभर में चल रहे जनकल्याण शिविरों में भारी भीड़ को देखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने शिविरों की अवधि एक दिन के लिए बढ़ाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को दक्षिण 24 परगना के फलता में आयोजित एक जनकल्याण शिविर का दौरा करते हुए घोषणा की कि अब यह अभियान गुरुवार तक जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्धारित समय में सभी क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में शिविर आयोजित नहीं किए जा सके, जिसके कारण विभिन्न शिविरों में लाभार्थियों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग सरकार पर भरोसा जता रहे हैं और बड़ी संख्या में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए शिविरों में पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि नागरिकों को सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और बिना किसी भ्रष्टाचार के मिले।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्यवासियों को किसी भी प्रकार की अनियमितता के बिना योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि शिविरों में लगातार बढ़ रही भीड़ और लंबी कतारों को देखते हुए अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुल 54 योजनाओं को जनकल्याण शिविरों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इनमें आयुष्मान भारत योजना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य के एक करोड़ 43 लाख परिवारों तथा लगभग 6.5 करोड़ लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके तहत देश के किसी भी सरकारी या निजी अस्पताल में पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के कम आय वाले परिवार इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। योजना के तहत 100 यूनिट क्षमता के लिए 30 हजार रुपये, 200 यूनिट के लिए 60 हजार रुपये तथा 300 यूनिट के लिए 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जाएगी। इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए जनकल्याण शिविरों में पंजीकरण कराना आवश्यक होगा।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद जनकल्याण शिविरों की अवधि बढ़ाने संबंधी अधिसूचना जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

