किशनगंज में 3 करोड़ की हेरोइन बरामद, तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
किशनगंज, 29 जून (हि.स.)। किशनगंज पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.500 किलोग्राम हेरोइन जैसा प्रतिबंधित मादक पदार्थ, चार मोबाइल फोन और 9,950 रुपये नकद बरामद किए हैं।
बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई है।
सोमवार को एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त एवं तकनीकी सूचना मिली थी कि मालदा (पश्चिम बंगाल) से मादक पदार्थ की बड़ी खेप किशनगंज लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए जिला आसूचना इकाई, एएनटीएफ और किशनगंज थाना पुलिस की संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया। रामपुर चेक पोस्ट के समीप वाहन जांच के दौरान मालदा से आई एक बस से दो युवक बैग लेकर उतरे और पहले से मौजूद एक अन्य युवक से मिलने लगे। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन विशेष टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में तलाशी लेने पर उनके बैग से 1.500 किलोग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागारा इस्तमा टोला निवासी फिरोज अंसारी, अमजद अंसारी उर्फ इस्मता उर्फ गामा तथा रहीस अंसारी उर्फ सागर साह के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे संगठित सिंडिकेट के माध्यम से मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री और तस्करी करते हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह में मालदा और किशनगंज के कई अन्य तस्कर भी शामिल हैं। बरामद खेप मालदा से बहादुरगंज ले जाई जा रही थी। मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 694/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 तथा एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी, तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज की जांच तथा अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाने में जुटी है। छापेमारी अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने किया।
टीम में जिला आसूचना इकाई के प्रभारी मो. मुश्ताक, सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, एएनटीएफ, जिला आसूचना इकाई व किशनगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी तथा जवान शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से एएनटीएफ हेल्पलाइन 9031816150 पर गोपनीय रूप से सूचना देकर पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

