चम्बा के पांगी में होगा हिमाचल दिवस का राज्य स्तरीय समारोह, मुख्यमंत्री करेंगे अध्यक्षता, जिलों में मंत्री करेंगे अगुवाई

शिमला, 11 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। इस अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी में आयोजित किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया तथा स्थानीय विधायक सुन्दर सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहेंगे।

प्रदेश सरकार ने इस अवसर पर सभी जिलों में भी विशेष समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन कार्यक्रमों की अध्यक्षता संबंधित जिलों में राज्य सरकार के मंत्री और वरिष्ठ नेता करेंगे। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मंडी जिले में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में शामिल होंगे।

इसी क्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल धर्मशाला (कांगड़ा), कृषि मंत्री चंद्र कुमार ऊना, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान सोलन, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी लाहौल-स्पीति के केलांग, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर नाहन (सिरमौर), ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह शिमला और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह कुल्लू में समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

वहीं नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी रिकांगपिओ (किन्नौर), पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली हमीरपुर और हिमाचल विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार बिलासपुर में जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

हिमाचल दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियां, लोकनृत्य, और विकासात्मक उपलब्धियों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

   

सम्बंधित खबर