जबलपुर : पहचान छिपाकर तीन हिंदू युवतियों से विवाह और संबंध बनाने का आरोप, आरोपी हिरासत में

जबलपुर, 27 जून (हि.स.)। मदन महल थाना क्षेत्र में पहचान छिपाकर कथित रूप से हिंदू युवतियों को प्रेमजाल में फंसाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने हैदराबाद निवासी सैयद अशफाक इसरार को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी पर आरोप है कि उसने अपनी पहचान बदलकर राजकुमार नाम से तीन हिंदू युवतियों से संपर्क स्थापित किया, उनसे विवाह किया और संबंध बनाए।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को आरोपी को पकड़कर मदन महल थाना पहुंचाया तथा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान क्षेत्र में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी मुलाकात मदन महल स्थित एक निजी दंत चिकित्सालय डेंटल स्क्वेयर में काम करने के दौरान आरोपी से हुई थी। उसके अनुसार आरोपी ने स्वयं को हिंदू बताते हुए पहली पत्नी से तलाकशुदा होने की बात कही और बाद में गायत्री मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से उससे विवाह किया।

पीड़िता का आरोप है कि लगभग दो वर्ष तक साथ रहने के बाद आरोपी उसे छोड़कर दूसरी हिंदू युवती के साथ रहने लगा। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने कई अन्य युवतियों के साथ भी संबंध होने की बात स्वीकार की थी। पुलिस इन सभी आरोपों की जांच कर रही है।

मामले में मदन महल स्थित निजी डेंटल क्लिनिक डेंटल स्क्वेयर का नाम भी सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे बताया था कि क्लिनिक के डॉक्टर को पूरे घटनाक्रम की जानकारी थी। इसके बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता क्लिनिक पहुंचे और डॉक्टर से पूछताछ करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

मदन महल थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि आरोपी के पास जबलपुर पते का एक आधार कार्ड मिला है, जिसमें उसका अलग नाम दर्ज है, जबकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह मूल रूप से हैदराबाद का निवासी है। पुलिस आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों की सत्यता की जांच कर रही है। यदि दस्तावेज फर्जी पाए जाते हैं तो संबंधित धाराओं के तहत अलग से प्रकरण दर्ज किया जाएगा।

थाना प्रभारी के अनुसार पीड़िता द्वारा लगाए गए धोखाधड़ी, प्रताड़ना एवं अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर