सिरसा: नागरिक अस्पताल के जनरेटर में आग से मरीजाें व तीमारदाराें में अफरा-तफरी
- DSS Admin
- May 12, 2026
सिरसा, 12 मई (हि.स.)। जिला नागरिक अस्पताल में जनरेटर में अचानक आग लग गई, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के फायर ऑफिसर व स्टाफ सदस्यों ने आग पर काबू पाया। घटना के बाद मरीज गर्मी से बेहाल रहे। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह से ही बिजली नहीं थी, जिसके चलते जनरेटर चलाया गया। लोड अधिक होने के चलते दोपहर को जनरेटर में फाल्ट आ गया और आग लग गई। अस्पताल के फायर ऑफिसर अमन कंबोज व करण सिंह ने अस्पताल के अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रफिक एसएचओ भी मौके पर पहुंचे और आग बुझा रहे कर्मचारियों का सहयोग किया। बाद में दमकल गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जनरेटर में आग लगने से अस्पताल में भर्ती मरीज व उनके साथ आए तामीरदार गर्मी से परेशान रहे। अस्पताल प्रशासन की ओर से बताया गया है कि दो घंटे के बाद बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है।
दूसरी ओर जिले के गांव डबवाली में एक दुकान में सोमवार रात अचानक आग लग गई, जिसके कारण लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान मालिक का आरोप है कि उधार सामान न देने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने दुकान में आग लगाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आगजनी गांव डबवाली के मुख्य बस स्टैंड पर गुरुद्वारे के पास बनी दुकान में हुई। डेयरी संचालक सुखी ने बताया कि सोमवार रात दुकान बंद करते समय गांव का ही एक युवक उधार सामान लेने आया था। सुखी द्वारा उधार देने से मना करने पर युवक और उनके बीच कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसी रंजिश में युवक ने दुकान में आग लगा दी। दुकानदार के अनुसार आगजनी में उसे चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------

