
घायल के साथ आए युवकों ने की होटल संचालक से मारपीट
हांसी, 02 जुलाई । हिसार चुंगी स्थित एक चिकन कॉर्नर पर मामूली
कहासुनी के बाद बढ़ते विवाद के चलते होटल मालिक ने एक ग्राहक पर चिकन काटने वाले चाकू
से हमला करके उसे घायल कर दिया। इसके बाद ग्राहक के साथ आए युवकों ने होटल मालिक के साथ
मारपीट की। घटना के बाद दोनों पक्षों को इलाज के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल में भर्ती
कराया गया है।
जानकारी के अनुसार सैनियान मोहल्ला निवासी ललित अपने कुछ दोस्तों के साथ हिसार
चुंगी स्थित चिकन कॉर्नर पर मौजूद था। बताया जा रहा है कि बुधवार रात वहां शराब पीने
के दौरान ललित और होटल संचालक राजू के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने
पर होटल मालिक राजू ने चिकन काटने वाला चाकू उठाकर ललित पर हमला कर दिया।
चाकू ललित की जांघ में लगा, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। ललित को घायल देखकर
उसके साथ मौजूद युवकों ने बीच-बचाव किया और इस दौरान उन्होंने होटल मालिक राजू के साथ
भी मारपीट की, जिससे राजू को भी चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची
और दोनों घायल पक्षों को इलाज के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। बाद में घायल
ललित को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

