हिमाचल में गर्मी का बढ़ा प्रकोप, मैदानों में पारा 36 डिग्री पार, शिमला-मनाली भी तपे
- Admin Admin
- Apr 06, 2025

शिमला, 06 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य के मैदानी ही नहीं, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों में भी गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश का सबसे गर्म स्थान इस समय ऊना बना हुआ है, जहां रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार रविवार को मनाली का अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री और शिमला का 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। दोनों ही शहरों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है।
प्रदेश के अन्य शहरों में भी गर्मी ने अपना असर दिखाया। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 34.9, धौलाकुआं में 34.5, सुंदरनगर में 34.3, कांगड़ा में 34.2, नाहन में 33.9 और बरठीं में 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में प्रदेश भर में तापमान औसतन 1.1 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी दिनों में गर्मी का प्रभाव और बढ़ सकता है। विशेषकर सात अप्रैल को मंडी और कुल्लू जिलों में लू जैसे हालात बनने की संभावना है। इन जिलों के लिए हीट वेव अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हालांकि राहत की खबर यह है कि नौ अप्रैल से मौसम के करवट लेने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार नौ और दस अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति में तेज़ हवाओं के साथ अंधड़, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
यह मौसमीय सक्रियता 11 और 12 अप्रैल को भी जारी रह सकती है। इन दो दिनों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बादलों के छाने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 अप्रैल तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।
फिलहाल सात और आठ अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा