अधिकमास के समापन में गोवर्धन परिक्रमा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, डीएम-एसएसपी ने किया पैदल निरीक्षण

मथुरा, 16 जून(हि.स.)। पावन अधिकमास के समापन अवसर पर बीती रात सोमवार/मंगलवार दरमियानी रात्रि कान्हा की नगरी मथुरा की गोवर्धन सप्तकोसीय परिक्रमा में श्रद्धालुओं का जबरदस्त सैलाब देखने को मिला। भारी भीड़ को देखते हुए परिक्रमा मार्ग में सुरक्षा एवं व्यवस्था का जायजा एवं निरीक्षण करने के लिए जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने स्वयं कमान संभाली। अधिकारियों ने पूरे परिक्रमा मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान परिक्रमार्थियों से सुविधाओं के बारे में जानकारी भी की।

परिक्रमा मार्ग का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी और एसएसपी विश्व प्रसिद्ध राधाकुंड पहुंचे। यहां उन्होंने प्रकाश व्यवस्था, बैरियर, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों ने भीड़ के दबाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न होने के निर्देश ड्यूटी में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों को दिए।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य शिविरों की सक्रियता, सुचारू यातायात प्रबंधन, सुरक्षा बलों की मुस्तैदी, नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, प्रकाश व्यवस्था और पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस पैदल निरीक्षण और परिक्रमा के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार, उप जिलाधिकारी (एसडीएम) गोवर्धन सुशील कुमार सिंह, तहसीलदार गोवर्धन बृजेश कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा।---------

   

सम्बंधित खबर