यमुनानगर: प्रधानमंत्री की रैली में युवा वर्ग की हो बड़ी भागीदारी: कंवर पाल
- Admin Admin
- Apr 08, 2025

यमुनानगर, 8 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी की यमुनानगर में होने वाली 14 अप्रैल की प्रस्तावित रैली के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं रैली संयोजक कंवरपाल गुर्जर ने जगाधरी शहर के सभी सातों वार्डों के पार्षदों के साथ बैठक की। मंगलवार को बैठक के दौरान रैली संयोजक कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि जगाधरी शहर के प्रत्येक वार्ड से ज्यादा से ज्यादा लोग प्रधानमंत्री मोदी की रैली में शामिल हों, ऐसी व्यवस्था की जानी चाहिए।
हर घर, दुकान प्रतिष्ठान पर निमंत्रण दिया जाना चाहिए। इसके उपरांत उन्होंने भाजपा जिला कार्यालय यमुना कमल में भाजपा जिला युवा मोर्चा के पदाधिकारीयों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी ने युवाओं को लेकर जो भविष्य की राजनीति तैयार की है उससे आज का युवा बहुत प्रभावित है।
प्रधानमंत्री मोदी की रैली में ज्यादा से ज्यादा युवा वर्ग की भागीदारी होनी चाहिए। उन्होंने प्रधानममंत्री मोदी की रैली को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई और कहा कि सभी लोग आज से ही दिन रात मेहनत करें और रैली की सफलता के लिए जी जान से जुट जाएं। यह एक ऐतिहासिक अवसर है जब प्रधानमंत्री मोदी यमुनानगर की धरती पर 11 साल के उपरांत आ रहे हैं। हम सब को उनका मिलकर जोरदार स्वागत करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग