पानीपत: उद्योगपति ने पत्नी संग नहर में लगाई छलांग, दोनों डूबे
- DSS Admin
- May 18, 2026

पानीपत, 18 मई (हि.स.)। पानीपत के गांव सिवाह के पास से गुजर रही दिल्ली पैरलल नहर पुल के पास सोमवार की सुबह एक उद्योगपति ने अपनी पत्नी के साथ नहर में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। गोताखोरों की मदद से नहर में दोनों की तलाश की, लेकिन अभी तक दोनों का कोई सुराग नहीं लगा है। उद्योगपति की पहचान 60 वर्षीय मुरारी लाल गोयल व उनकी 57 वर्षीय पत्नी कमलेश गोयल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, असंध निवासी 60 वर्षीय मुरारी लाल गोयल अपनी 57 वर्षीय पत्नी कमलेश के साथ स्कूटी पर सवार होकर सिवाह नहर पुल के पास पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दंपती ने पहले अपनी स्कूटी को किनारे पर खड़ा किया, अपनी चप्पलें स्कूटी पर ही उतारकर रखीं और फिर अचानक दोनों ने नहर में छलांग लगा दी।
नहर किनारे स्कूटी खड़ी देख और दंपती को पानी में डूबता देखकर राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इसराना भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए गोताखोरों की टीमों को बुलाकर नहर में उतारा है। फिलहाल पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों का सुराग नहीं लग पाया है, लेकिन गोताखोरों द्वारा तलाश लगातार जारी है। थाना इसराना प्रभारी हरिराम ने बताया कि पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।
---------------

