आईआईटी खड़गपुर में पश्चिमबंग दिवस का आयोजन

खड़गपुर, 20 जून (हि. स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर में पश्चिमबंग दिवस के अवसर पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक, बौद्धिक एवं ऐतिहासिक विरासत का स्मरण करते हुए राष्ट्र निर्माण में राज्य के अमूल्य योगदान को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम में आईआईटी खड़गपुर के निदेशक प्रोफेसर सुमन चक्रवर्ती, अस्पताल के चिकित्सक एवं कर्मचारी, संकाय सदस्य, अधिकारी तथा संस्थान परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

इस दौरान पश्चिम बंगाल की साहित्य, संगीत, कला, अध्यात्म, विज्ञान, व्यापार-वाणिज्य तथा सामाजिक सुधार के क्षेत्र में ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि राज्य ने भारत की राष्ट्रीय चेतना को समृद्ध करने में सदैव महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

वक्ताओं ने कहा कि 20 जून पश्चिम बंगाल के इतिहास में विशेष महत्व रखने वाला दिन है। यह वह ऐतिहासिक अवसर है जिसने पश्चिम बंगाल को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस संदर्भ में महान शिक्षाविद, राष्ट्रवादी चिंतक एवं दूरदर्शी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। वर्ष 2026 को उनकी 125वीं जयंती के रूप में भी याद किया जा रहा है।

इस अवसर पर प्रोफेसर सुमन चक्रवर्ती ने ज्ञान, सेवा और राष्ट्र निर्माण के उन आदर्शों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया, जिनका प्रतिपादन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने किया था। उन्होंने शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के प्रति आईआईटी खड़गपुर की प्रतिबद्धता दोहराई।

---------------

   

सम्बंधित खबर