जेडीए की बड़ी कार्रवाई, 300 करोड़ की 100 बीघा सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
जयपुर, 14 जून (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने अवैध अतिक्रमणों और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सुमेल स्थित करीब 100 बीघा बेशकीमती सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है। जेडीए के अनुसार इस भूमि की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 300 करोड़ रुपये है।
जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन के निर्देश पर प्रवर्तन शाखा ने जोन-10 क्षेत्राधिकार के अंतर्गत ग्राम सुमेल, बैदाणा की ढाणी में कार्रवाई की। उप महानिरीक्षक पुलिस आनंद शर्मा ने बताया कि खसरा संख्या 208/1 की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध कॉलोनी बसाने का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि भूमि पर 13 पक्के मकान, निर्माणाधीन ढांचे, प्लॉटों की बाउंड्रीवाल, टीनशेडनुमा कोठरियां, तारबंदी, मिट्टी की डोल, कांटों की बाड़, झाड़ियां तथा अन्य अवैध निर्माण कर कब्जा किया गया था। सूचना और जांच के बाद रविवार को जेडीए के प्रवर्तन दस्ते ने व्यापक कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन, विभिन्न जोनों के उप नियंत्रक प्रवर्तन, प्रवर्तन अधिकारी तथा जोन-10 के राजस्व एवं तकनीकी स्टाफ मौजूद रहे। पुलिस आयुक्तालय जयपुर से प्राप्त अतिरिक्त पुलिस बल और स्थानीय जामड़ोली थाना पुलिस के सहयोग से अभियान चलाया गया।
जेडीए के प्रवर्तन दस्ते ने जेसीबी मशीनों और मजदूरों की सहायता से सभी अवैध निर्माणों एवं अतिक्रमणों को हटाकर करीब 100 बीघा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियों और सरकारी भूमि पर कब्जों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------

