रघुनाथपुर पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
सीवान, 01 जून (हि.स.)। सीवान जिले के रघुनाथपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके पास से एक देशी कट्टा और दो कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपराध नियंत्रण एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर रघुनाथपुर थाना कांड संख्या 01/25 के नामजद अभियुक्त अंकित कुमार उर्फ अंकित बैठा की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने टारी गांव निवासी अंकित कुमार उर्फ अंकित बैठा, पिता स्वर्गीय योगेंद्र बैठा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के क्रम में उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इस संबंध में रघुनाथपुर थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26 के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम का नेतृत्व रघुनाथपुर थाना के थानाध्यक्ष रवि रंजन सिंह कर रहे थे। छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक ललन कुमार समेत थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।
---------------

