भारत ने 'सामाजिक न्याय के लिए वैश्विक गठबंधन' के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई

नई दिल्ली, 12 जून (हि.स)। भारत ने सामाजिक न्याय को लेकर वैश्विक गठबंधन (जीसीएसजे) के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय श्रम सम्मेलन (आईएलसी), सरकारों, नियोक्ताओं और श्रमिक संगठनों तथा अन्य संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता फिर से दोहराई है।

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे ने स्विट्जरलैंड के जिनेवा में आयोजित 114वें अंतरराष्ट्रीय श्रम सम्मेलन (आईएलसी) में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। उन्होंने इस कार्यक्रम के दौरान जीसीएसजे की समन्वय समूह बैठक में भी भाग लिया।

श्रम मंत्रालय के अनुसार बैठक के दौरान करंदलाजे ने अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) के महानिदेशक गिल्बर्ट एफ. होंगबो, बांग्लादेश, मोल्दोवा, ब्राजील और स्विट्जरलैंड के श्रम मंत्रियों, बेल्जियम के उप-मंत्री और अन्य प्रमुख सहयोगियों से भी मुलाकात की। इसके अलावा करंदलाजे ने 11 जून को जेनेवा में 114वें अंतरराष्ट्रीय श्रम सम्मेलन (आईएलसी) के दौरान आयोजित वैश्विक सामाजिक न्याय गठबंधन (जीसीएसजे) के समन्वय समूह की बैठक में भाग लिया।

करंदलाजे ने एक्स पोस्ट में लिखा कि आज सामाजिक न्याय के लिए वैश्विक गठबंधन का समन्वय समूह के रिसेप्शन में आईएलओ के डीजी, बांग्लादेश, मोल्दोवा, ब्राज़ील और स्विट्ज़रलैंड के श्रम मंत्रियों, बेल्जियम के उप-मंत्री और अन्य सम्मानित सहयोगियों के साथ शामिल होकर बहुत खुशी हो रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जीसीएसजे के संस्थापक सदस्य के तौर पर भारत सभी के लिए बेहतर काम, सामाजिक सुरक्षा और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

श्रम और रोजगार मंत्रालय ने कहा कि भारत ने आईएलओ, सरकारों, नियोक्ताओं और श्रमिकों के संगठनों और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर गठबंधन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए देश की प्रतिबद्धता की भी पुष्टि की। भारत समावेशी विकास को बढ़ावा देने, सामाजिक सुरक्षा प्रणालियों को सुदृढ़ करने, जिम्मेदार व्यावसायिक कार्यप्रणालियों का समर्थन करने और न्यायसंगत एवं लचीले श्रम बाजारों के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के माध्यम से गठबंधन के कार्य के अगले चरण में सक्रिय रूप से योगदान देने के लिए तत्पर है।

उल्लेखनीय है कि करंदलाजे स्विट्जरलैंड के जेनेवा में आयोजित 114वें अंतराष्ट्रीय श्रम सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। करंदलाजे ने आईएलसी के दौरान आयोजित वैश्विक सामाजिक न्याय गठबंधन के समूह की बैठक में भाग लिया।

---------------

   

सम्बंधित खबर