परिश्रम, दृढ़ संकल्प और अनुशासित अध्ययन से विद्यार्थी किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं : जिलाधिकारी
- DSS Admin
- Jun 01, 2026

देवरिया, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान प्राप्त कर जनपद का गौरव बढ़ाने वाली छात्रा आराधना कुमारी को सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने छात्रा को सम्मानित करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
देवरिया जिले के राघवनगर निवासी मनोज कुमार की बेटी आराधना कुमारी जोनिया इंटरमीडिएट कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा हैं। उन्हाेंने
इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान हासिल किया, जिससे जनपद का नाम पूरे प्रदेश में रोशन हुआ है।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने आराधना कुमारी को 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर उन्होंने छात्रा की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि उसकी सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम, दृढ़ संकल्प और अनुशासित अध्ययन के माध्यम से विद्यार्थी अपने जीवन के किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने छात्रों से आराधना कुमारी की उपलब्धि से प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
समारोह में उपस्थित अधिकारियों और शिक्षकों ने भी छात्रा को बधाई दी तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आराधना की इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे जनपद में खुशी का माहौल है। यह सफलता न केवल उनके लिए बल्कि जिले के सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।
आशा, आंगनबाड़ी व एएनएम को नियमित होम विजिट तथा सही आंकड़े प्रस्तुत करें
छात्रा सम्मान समाराेह के पश्चात कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में की गई। उन्हाेंने बाल विकास परियोजना एवं पोषण अभियान से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में अपेक्षित सुधार लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं एएनएम को नियमित रूप से होम विजिट करने के निर्देश देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों की स्थिति का सतत अनुश्रवण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समीक्षा के दौरान केवल वास्तविक एवं सही आंकड़े ही प्रस्तुत किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा त्रुटिपूर्ण सूचना न दी जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों को निर्धारित 18 पैरामीटरों पर संतृप्त करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यू-लिस्ट में एकरूपता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि लाभार्थियों से संबंधित अभिलेखों एवं आंकड़ों में किसी प्रकार का अंतर नहीं होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) सत्रों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने, सभी संबंधित कार्मिकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति तथा निर्धारित उद्देश्यों के अनुरूप कार्यवाही किए जाने पर विशेष बल दिया। बैठक में उपस्थित सीडीपीओ एवं सुपरवाइजरों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वे अपने क्षेत्रों में नियमित अनुश्रवण करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर कमी या शिथिलता न बरतें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करें, ताकि पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास से जुड़े सूचकांकों में अपेक्षित सुधार परिलक्षित हो सके। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा, सभी खंड विकास अधिकारी, सीडीपीओ, सुपरवाइजर तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
------------------

