झज्जर : पंजाब द्वारा पानी न देने पर इनेलो की महिला कार्यकर्ताओं ने थोड़े मटके
- Admin Admin
- May 07, 2025

झज्जर, 7 मई (हि.स.)। पंजाब सरकार द्वारा भाखड़ा का हरियाणा के हिस्से का पानी रोके जाने के खिलाफ इंडियन नेशनल लोकदल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को झज्जर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व पार्टी की हरियाणा प्रभारी सुनैना चौटाला ने किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने भगवंत मान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और खाली मटके फोड़कर भाखड़ा का पानी हरियाणा को देने की मांग की।
प्रदर्शन में महिलाओं की अच्छी खासी हाजरी रही। प्रदर्शन से पहले इनेलो के कार्यकर्ता पार्टी के झज्जर कार्यालय में एकत्रित हुए। यहां उन्हें सुनैना चौटाला ने सम्बोधित किया। उन्होंने हरियाणा का पानी रोके जाने पर सरकार की जमकर निंदा की। उन्होंने कहा कि हरियाणा अपने हिस्से का पानी मांग रहा है कोई खैरात नहीं मांग रहा। बाद में इनेलो के कार्यकर्ता अपने हाथों में खाली मटके लेकर शहरभर में प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। यहां इन महिलाओं ने पंजाब की मान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्र की मोदी सरकार से पंजाब की मान सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की। इनेलो कार्यकर्ताओं ने पंजाब की मान सरकार को बर्खास्त करने की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम अपना मांग पत्र जिला प्रशासन को सौंपा।
यहां मीडिया के रूबरू हुई सुनैना चौटाला ने कहा कि हरियाणा ने हमेशा ही पंजाब को अपना बड़ा भाई समझा है। लेकिन आज वही बड़ा भाई पानी के मसले पर हरियाणा के साथ अन्याय कर रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब यह क्यों भूल जाता है कि जब हरियाणा में एक साल तक किसान आंदोलन चला तो उस दौरान हरियाणा के लोगों ने ही पंजाब के लोगों का साथ दिया था। आज वही पंजाब आँखेें दिखा रहा है। उन्होंने केन्द्र सरकार से सीएम मान को जेल की सलाखों के पीछे डालने की मांग की। पहलगाम की घटना के बाद बुधवार की अलसुबह भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान पर किए गए हमले के सवाल पर सुनैना चौटाला गोलमोल जवाब देते हुए नजर आई। प्रदर्शन में इनेलो की महिला नेत्री शीला नफे सिंह राठी, पवन सिंह धनखड़ सहित अनेक स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज