इनसो ने नीट परीक्षा रद्द करने पर केंद्र सरकार को घेरा

इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष व जेजेपी नेता प्रदीप देशवाल ने भाजपा नेताओं पर लगाएं मिलीभगत के आरोप

रोहतक, 18 मई (हि.स.)। नीट परीक्षा के पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के मुद्दे को लेकर अब केंद्र सरकार, केंद्रीय शिक्षा मंत्री और परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।

छात्र संगठन इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष व जेजेपी नेता प्रदीप देशवाल ने भाजपा नेताओं पर सीधे मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। सोमवार को रोहतक स्थित एमडीयू पर्यटन परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदीप देशवाल ने कहा कि नीट जैसी देश की बड़ी परीक्षा का पेपर लीक होना अपने आप में गंभीर सवाल खड़ा करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही मामले में संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। प्रदीप देशवाल ने राजस्थान में एक ही परिवार के पांच बच्चों के नीट परीक्षा पास करने के मामले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह मामला भी संदेह पैदा करता है और इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि कोचिंग संचालकों की भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें सामने आना भी कई तरह के सवाल खड़े करता है। इनसो नेता ने कहा कि महाराष्ट्र, राजस्थान और हरियाणा पुलिस की कार्यप्रणाली भी जांच के दायरे में आनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि परीक्षा कराने वाली कंपनी को तुरंत प्रभाव से ब्लैकलिस्ट किया जाए और पेपर लीक मामले में शामिल आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में छात्रों के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ न हो।

-------

---------------

   

सम्बंधित खबर