चैनपुर में एसटीएफ व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, देशी कट्टा व दो कारतूस के साथ अपराधी गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
सीवान, 05 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चैनपुर थाना पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
एसपी ने बताया कि 4 जुलाई की शाम करीब 6:15 बजे चैनपुर थाना पुलिस और एसटीएफ की टीम विशेष छापेमारी अभियान चला रही थी। इसी दौरान चैनपुर-रसूलपुर पथ से रामगढ़ बाजार की ओर जाते समय मेहदार पंचायत भवन के समीप एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर छिपने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भागने लगा। त्वरित घेराबंदी कर पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपनी पहचान दीपक कुमार साह उर्फ दीपक सम्राट, पिता शिवकुमार साह, निवासी चैनपुर थाना क्षेत्र, जिला सीवान के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
एसपी ने बताया कि इस संबंध में चैनपुर थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए एवं 26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में रसूलपुर, चैनपुर, बसंतपुर और दरौंधा थानों में आर्म्स एक्ट, बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा अन्य धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में चैनपुर थानाध्यक्ष पु.अ.नि. विजय रंजन कुमार, एसटीएफ की टीम तथा चैनपुर थाना के पुलिसकर्मी पिंटू कुमार और धर्मेश प्रभास शामिल थे।
---------------

