मैरवा में हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 15, 2026
सीवान, 15 मई (हि.स.)। बिहार में सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र में हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने हथियार तस्करी गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल, 25 जिंदा कारतूस, चार बाइक और एक कार बरामद की है। इस कार्रवाई को मैरवा पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में माना जा रहा है।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान इंगलिश गांव निवासी इसरार खान, अहमद रजा और मोजाहिद्दीन खान के रूप में हुई है। पुलिस गिरफ्तारी के बाद तीनों से गहन पूछताछ कर रही है।
प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष जायसवाल को गुप्त सूचना मिली थी कि मैरवा इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और सप्लाई का नेटवर्क सक्रिय है। सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय के निर्देश पर एसटीएफ के सहयोग से संयुक्त टीम गठित की गई और इंगलिश गांव में घेराबंदी कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान तीनों बदमाशों को दबोच लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार इसरार खान की निशानदेही पर कबीरपुर गांव निवासी विकास राजभर के घर पर भी दबिश दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही विकास राजभर फरार हो गया। तलाशी अभियान के दौरान उसके घर से कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ, लेकिन पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
---------------

