आरपीएफ ने दो टिकट दलालों को पकड़ा, अवैध टिकट बरामद

खड़गपुर, 17 मई (हि. स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की खड़गपुर टीम ने मिली सूचना के आधार पर ईगरा स्थित सिटी बुकिंग काउंटर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो टिकट दलालों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान स्वपन दास (37), निवासी बड़ा, थाना ईगरा, जिला पूर्व मेदिनीपुर तथा अमीन खान (31), निवासी अमदई, कल्याणपुर, थाना ईगरा, जिला पूर्व मेदिनीपुर के रूप में हुई है। यह अभियान आईपीएफ एम. के. सन्यासी, प्रभारी आरपीएफ टीम खड़गपुर के नेतृत्व में चलाया गया।

रविवार शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई जानकारी के अनुसार, 16 मई को सुबह 10:50 बजे से विशेष अभियान शुरू किया गया था। लगभग 12:10 बजे दो संदिग्ध व्यक्तियों को बुकिंग काउंटर के बाहर संदिग्ध गतिविधियों के साथ देखा गया। दोनों को रोका गया, जिसके बाद उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से कई रेलवे आरक्षण टिकट, रिक्विजिशन स्लिप, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई। बरामद टिकटों में तत्काल और प्रीमियम तत्काल टिकट शामिल थे, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग छह हजार 565 रुपये बताई गई है।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बिना किसी वैध अधिकार के दूसरों के लिए रेलवे टिकट बुक कर अतिरिक्त राशि लेकर उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। जांच के दौरान उनके मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप चैट्स भी बरामद हुईं, जिनसे अवैध टिकट दलाली के नेटवर्क का संकेत मिला है।

इसके बाद सभी बरामद सामग्री को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर लिया गया और दोनों आरोपितों को रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया। मामले की शिकायत के आधार पर आरपीएफ पोस्ट दीघा में केस दर्ज किया गया है।

दोनों आरोपितों को बाद में माननीय सीजेएम/तमलुक न्यायालय में पेश किया गया।

---------------

   

सम्बंधित खबर