आगरमालवा, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में विशेष अभियान के तहत बुधवार की रातो पिपलोन पुलिस चौकी द्वारा बड़ी कार्यवाही करते हुए 11 लाख 86 हजार रूपये मूल्य की 2,769 लीटर अवैध शराब जप्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजय जाट को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पिपल्या माना में कुछ व्यक्तियों द्वारा अपने बाड़े पर बने कच्चे मकानों में बड़ी मात्रा में अवैध शराब संग्रहित कर रखी गई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल स्वतंत्र पंचों के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर चारों आरोपी भागने लगे, जिनमें से एक आरोपी विशाल सिंह राजपूत को घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीन आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर दो कच्चे मकानों की तलाशी ली गई, जहाँ से विभिन्न ब्रांड की देशी प्लेन शराब, मसाला शराब, गोवा व्हिस्की तथा बीयर की कुल 282 पेटियाँ बरामद हुईं। विधिवत गणना एवं माप के उपरांत कुल 2,769 बल्क लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 11,86,500 रूपये आंकी गई जिसको जप्त कर मौके पर ही शराब के नमूने लेकर वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण की गई। प्रकरण में आरोपी विशालसिंह राजपूत को गिरफ्तार कर पुलिस थाना कोतवाली आगरमालवा में अपराध क्रमांक 360/2026 अंतर्गत धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। फरार आरोपी गोवर्धनसिंह राजपूत, दशरथसिंह राजपूत एवं देवीसिंह राजपूत, निवासी ग्राम पिपल्या माना की तलाश की जा रही है।

