नव निर्मित सखी वन स्टॉप सेंटर भवन का जिलाधिकारी द्वारा उद्घाटन
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
सहरसा, 19 जून (हि.स.)। महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नव निर्मित सखी वन स्टॉप सेंटर भवन का उद्घाटन जिलाधिकारी दीपेश कुमार द्वारा शुक्रवार को फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
सखी वन स्टॉप सेंटर महिलाओं को हिंसा, उत्पीड़न एवं संकट की परिस्थितियों में एक ही स्थान पर परामर्श, कानूनी सहायता, चिकित्सीय सहयोग एवं अन्य आवश्यक सेवाएं प्रदान करेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह केंद्र महिला सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उद्घाटन अवसर पर संबंधित विभागीय पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। यह पहल महिलाओं के अधिकारों की रक्षा एवं उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस अवसर पर आईसीडीएस डीपीओ पुष्पा कुमारी द्वारा जिलाधिकारी दीपेश कुमार व एसडीएम श्रेयांश तिवारी को पौधा का गमला देकर सम्मानित किया।

