जींद : बारिश से खिले किसानों के चेहरे, धान रोपाई कार्य में आएगी तेजी

बरसाती पानी जमा होने से सड़कें बनी तालाब।


जींद, 06 जुलाई । जिले में सोमवार को हुई बारिश ने जहां किसानों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है वहीं शहरी क्षेत्र में जगह-जगह जलभराव होने से आमजन तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पडा। सोमवार को दिन की शुरूआत आकाश में छाए बादलों के साथ हुआ। हवा की गति भी मंद रही। मौसम में उमस भी बनी रही। दोपहर को बादल गहरे हो गए और झमाझम बारिश शुरू हो गई। जो लगभग एक घंटे तक जारी रही। इस दौरान शहर मे 29.4 एमएम पानी बरसा। जबकि पिछले 24 घंटों में जीद मे 41.8 एमएम बारिश दर्ज हुई है। जिसके चलते शहर की सड़कें जलमग्र हो गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम में आद्रता 63 प्रतिशत तथा हवा की गति पांच किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। आकाश मे बादल छाए रहे और बारिश के आसार बने रहे। मौसम विभाग के 11 जुलाई तक बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में जिले मे औसतन आठ एमएएम बारिश दर्ज की गई। जबकि जींद में सबसे ज्यादा 41.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। जुलाना में छह एमएम, पिल्लूखेड़ा में पांच एमएम, अलेवा मे चार एमएम बारिश दर्ज की गई। गांव पांडू पिंडारा कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डा. राजेश ने बताया कि जिले में मानसून पूरी तरह एक्टिवेट हो चुका है। कुछ इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। 11 जुलाई तक बारिश की संभावना बन रही है। धान रोपाई का अच्छा समय है।

बाजरा बिजाई के लिए इतंजार करें। पूरा दिन आकाश में छाए बादलों से बारिश के आसार भी बने रहे। जिले में मानसून एक्टिवेट हो चुका है। सोमवार को जिलेभर में बादल छाए रहे। बावजूद इसके कुछ इलाके बारिश से अछूते रहे। उचाना, नरवाना तथा सफीदों ऐसे इलाके रहे जहां बादल तो घुमड़ते रहे लेकिन बारिश नही हुई। जबकि जिले मे अन्य स्थानों पर हुई बारिश ने किसानों के वारे-न्यारे कर दिए हैं। काफी हद तक पानी की कमी को पूरा कर दिया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर