प्रधानमंत्री 6 जुलाई से इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा पर रहेंगे
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 6 से 11 जुलाई तक छह दिवसीय हिंद-प्रशांत क्षेत्र के तीन देशों इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा पर रहेंगे। न्यूजीलैंड की उनकी यात्रा 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी, इससे पहले राजीव गांधी ने 1986 में न्यूजीलैंड की यात्रा की थी।
विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 8 और 9 जुलाई को इंडोनेशिया का दौरा करेंगे। इसके बाद वे 10 जुलाई को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न और फिर 11 जुलाई को न्यूजीलैंड में होंगे।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इंडोनेशिया में उनका मुख्य कार्यक्रम राजधानी जकार्ता में होगा। वे सांस्कृतिक केंद्र और ऐतिहासिक शहर योग्याकार्ता का भी दौरा करेंगे। यहां वे प्रंबानन मंदिर परिसर जाएंगे। भारत और इंडोनेशिया विश्व धरोहर स्थल के संरक्षण कार्यों में सहयोग करने की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया की यह यात्रा द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर चल रही चर्चाओं की निरंतरता होगी।
मेलबर्न में प्रधानमंत्री भारत-ऑस्ट्रेलिया के तीसरे वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस दौरान दोनों देशों के नेताओं की बातचीत में द्विपक्षीय संबंधों के उभरते क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा, विशेष रूप से महत्वपूर्ण खनिज, साइबर सुरक्षा क्षेत्र, आपूर्ति श्रृंखला लचीलापन, उभरती प्रौद्योगिकी इत्यादि।
ऑस्ट्रेलिया के बाद प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड की यात्रा पर रहेंगे। वे वहां प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ चर्चा करेंगे। न्यूजीलैंड की यह यात्रा भारतीय प्रधानमंत्री की 40 वर्षों में पहली यात्रा होगी।
---------------

