भारत-नेपाल सीमा पर 543 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
किशनगंज, 30 जून (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनगंज पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को बड़ी सफलता मिली है।
संयुक्त छापेमारी में 543 ग्राम ब्राउन शुगर, 1 लाख 90 हजार 930 रुपये भारतीय मुद्रा, 640 रुपये नेपाली मुद्रा तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ठाकुरगंज के नेतृत्व में एसएसबी भातगांव के जवानों के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया।
टीम ने गलगलिया थाना क्षेत्र के लकड़ीडीपु गांव निवासी मोहम्मद फारूक के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से 543 ग्राम ब्राउन शुगर, बड़ी मात्रा में नकद राशि, नेपाली मुद्रा तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोहम्मद फारूक और उसके पुत्र को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
बरामद मादक पदार्थ एवं अन्य सामान को जब्त कर दोनों आरोपितों के विरुद्ध मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित धाराओं के तहत एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जानी थी। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि मामला भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय किसी बड़े नशा तस्करी सिंडिकेट से जुड़ा हो सकता है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है।
जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी किशनगंज जिले में पुलिस ने करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद कर नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

