औद्योगिकीकरण को गति देने और एक्ट ईस्ट नीति को आगे बढ़ाने का संकल्प : बिमल बोरा

मंत्रिमंडल के तहत विभाग का दायित्व मिलते ही आहुत एक बैठक में राज्य के सांस्कृतिक आदि मामलों के मंत्री बिमल बोरा।

गुवाहाटी, 08 जून (हि.स.)। असम सरकार के मंत्री बिमल बोरा ने कहा कि राज्य में औद्योगिकीकरण का वातावरण बनना शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि ‘एडवांटेज असम’ के माध्यम से आरंभ की गई परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास करेगी।

नवगठित एक्ट ईस्ट पॉलिसी विभाग का दायित्व मिलने पर मंत्री बोरा ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि असम को पूर्वोत्तर भारत के विकास और दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ संपर्क का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में विभाग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बोरा ने कहा कि असम की सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने वाले विभिन्न क्षेत्रों के अग्रणी व्यक्तित्वों की पहचान कर उन्हें सम्मानित करना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के दूरदर्शी नेतृत्व में सरकार लगातार ऐसे व्यक्तियों को सम्मान और मान्यता प्रदान करती रही है।

इसी उद्देश्य से आज दिसपुर स्थित उनके सरकारी आवास पर आयोजित एक बैठक में कलागुरु विष्णु राभा पुरस्कार, आजान पीर पुरस्कार और वीरांगना सती साधनी पुरस्कार प्रदान किए जाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि असम के विकास, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने के लिए ये पुरस्कार महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। सरकार भविष्य में भी समाज और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने की अपनी परंपरा को जारी रखेगी।

----------

   

सम्बंधित खबर