चंदवाजी हादसे को लेकर जांच कमेटी गठित, टीम सात दिन में सौंपेगी रिपोर्ट

जयपुर, 29 जून (हि.स.)। चंदवाजी क्षेत्र में निर्माणाधीन होटल के एसटीपी की दीवार अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। दीवार के मलबे में छह मजदूर दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी आमेर राजेन्द्र कुमार तथा आमेर तहसीलदार सौरभ मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ व सिविल डिफेंस की सहायता से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करवाया।

हादसे में दबे छह मजदूरों में से तीन की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि तीन घायलों को तुरंत नजदीकी निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका निशुल्क उपचार जारी है।

जिला प्रशासन ने बताया कि सभी मृतक मजदूर बिहार राज्य के निवासी थे। उनके पार्थिव शरीरों को निशुल्क उनके गृह राज्य बिहार भेजने की व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा की गई है।

जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर (जयपुर शहर दक्षिणी) युगांतर शर्मा की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी आगामी सात दिनों में दुर्घटना के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर