असम में जनगणना 2027 के लिए मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

गुवाहाटी, 09 जून, (हि.स.)। असम में जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘हाउसलिस्टिंग एवं हाउसिंग जनगणना (एचएलओ)’ के लिए चार दिवसीय आवासीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार से गुवाहाटी के लालमाटी स्थित भारतीय उद्यमिता संस्थान (आईआईई) में शुरू हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 9 से 12 जून तक आयोजित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से आए 44 अधिकारियों तथा जनगणना संचालन निदेशालय (डीसीओ), असम के 15 अधिकारियों सहित कुल 59 मास्टर ट्रेनर भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षकों का एक मजबूत समूह तैयार करना है, जो आगे चलकर 1109 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित करेंगे। ये फील्ड ट्रेनर राज्यभर में जनगणना 2027 के सफल संचालन के लिए 83,535 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों (आरक्षित सहित) को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।

उद्घाटन सत्र में जनगणना निदेशक एवं मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी असम विश्वजीत पेगू, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव जतिन बोरा, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय तथा आईआईई के निदेशक प्रीतम दत्ता, जनगणना 2027 के राज्य नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त सचिव पार्थ पेगू, डीसीओ असम की उप महापंजीयक एवं अतिरिक्त मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी भारती चंदा, संयुक्त निदेशक एवं संयुक्त मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी डॉ. निजरा शर्मा तथा आईआईई के संकाय सदस्य एएसएस दीवान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने जनगणना 2027 को साक्ष्य-आधारित योजना निर्माण, सुशासन और नीतिगत निर्णयों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभ्यास बताया। उन्होंने कहा कि मास्टर ट्रेनरों की भूमिका जनगणना के सफल संचालन में बेहद महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि वे क्षेत्रीय कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने और आंकड़ा संग्रहण की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने का कार्य करेंगे।

प्रशिक्षण के पहले दिन आयोजित तकनीकी सत्रों में प्रशिक्षण कौशल, हाउसलिस्टिंग एवं हाउसिंग जनगणना की प्रक्रियाएं, जनगणना संबंधी अवधारणाएं, फील्ड प्रोटोकॉल तथा जनगणना 2027 के लिए विकसित डिजिटल उपकरणों एवं अनुप्रयोगों के उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। संवादात्मक सत्रों और प्रदर्शन के माध्यम से प्रतिभागियों को उनकी जिम्मेदारियों तथा प्रशिक्षण पद्धतियों की व्यापक जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण चार राष्ट्रीय प्रशिक्षकों—विकाश नाथ, नयन मणि गोगोई, उत्पल शर्मा और मो. चाफिखुर रहमान द्वारा प्रदान किया जा रहा है। प्रतिभागियों को बेहतर संवाद और प्रभावी शिक्षण के लिए दो बैचों में विभाजित किया गया है।

कार्यक्रम में सभी मास्टर ट्रेनरों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जो जनगणना 2027 के सफल आयोजन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। आगामी तीन दिनों तक गहन तकनीकी एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि राज्यभर में चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन के लिए मास्टर ट्रेनरों की क्षमता को और मजबूत किया जा सके।

------------

   

सम्बंधित खबर