जीबीपीआईईटी के छात्र-छात्राओं का प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ चयन
- DSS Admin
- May 21, 2026
पौड़ी गढ़वाल, 21 मई (हि.स.)। गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी के छात्र-छात्राओं का प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन हुआ है। उनके चयन पर संस्थान में खुशी बनी हुई है।
संस्थान के निदेशक डा.वीके बंगा ने बताया कि सिविल इंजीनियरिंग विभाग के आकांक्षा, अभिषेक, स्मिता, सांजलि, रिया, नेहा का चयन शिस्ट इंफ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली में हुआ है। कंपनी द्वारा प्रशिक्षण अवधि के दौरान छात्र-छात्राओं को स्टाइपेंड भी दिया जाएगा। बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के छात्र दीपक कुमार, हर्ष गुप्ता, नेहा मेलकानी, ओम मेहरा, सचदेव राणा, अक्षिता नौटियाल, वेद पांडे का चयन नोकिया प्राइवेट लिमिटेड में हुआ है। कंपनी द्वारा छात्र-छात्राओं को 3.20 लाख वार्षिक पैकेज प्रदान किया जाएगा। संस्थान के निदेशक डा. वीके बंगा ने चयनित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम है।
संस्थान के डीन, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट, डा. केएस भाटिया ने बताया कि संस्थान विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के माध्यम से प्लेसमेंट गतिविधियां जारी रहेंगी। इस मौके पर सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डा. बीएस खाती, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डा.एमके अग्रवाल आदि शामिल रहे।

