(अपडेट) किशनगंज में पुलिस-मुठभेड़ में अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना घायल, एक और अपराधी गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 21, 2026
किशनगंज, 21 मई (हि.स.)। पुलिस ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह के सरगना पवन कुमार उर्फ चिंटू को पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसके सहयोगी पंकज कुमार उर्फ छोटू यादव को एसटीएफ की मदद से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों के पास से हथियार, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल एवं अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने गुरुवार को बताया कि 20 मई की रात सूचना मिली थी कि फरिंगगोला रेलवे गुमटी के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम गठित कर इलाके में जांच अभियान चलाया गया।
बीती रात्रि करीब 10:30 बजे पुलिस को फरिंगगोला रेलवे गुमटी के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जो पुलिस को देखते ही बिना नंबर की मोटरसाइकिल से भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, लेकिन अपराधी लगातार पुलिस पर गोली चलाता रहा। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद वह नहीं माना, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की गई।
गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। घायल अपराधी की पहचान कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र निवासी पवन कुमार उर्फ चिंटू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह लूट, छिनतई और मोटरसाइकिल चोरी के अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना है तथा उसके खिलाफ पटना, अररिया, मधुबनी और किशनगंज समेत कई जिलों में दर्जनों मामले दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने गिरोह के साथ किशनगंज में एक व्यवसायी से लूट की योजना बना रहा था। उसके बयान के आधार पर एसटीएफ की मदद से रामपुर चेकपोस्ट के पास से पंकज कुमार उर्फ छोटू यादव को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर इस गिरोह के मोटरसाइकिल चोरी करते वीडियो पहले से वायरल थे। पूछताछ में किशनगंज जिले में हुई सात मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में गिरोह की संलिप्तता सामने आई है। इनमें से दो चोरी की बाइक बरामद कर ली गई हैं। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल, दो मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, छह खोखा, दो मोबाइल फोन, मास्टर चाबी, नकदी और भूटानी मुद्रा बरामद की है।मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 541/26 एवं 542/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

