पीयू में अन्तर्राष्ट्रीय संवाद संगोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित.....


- साहित्यकार प्रेम विज, डॉ.विनोद शर्मा तथा रेखा मित्तल की रही गरिमामई उपस्थिति
-डॉ.बाबूराम ने हिंदी साहित्य पर रखे विचार

चंडीगढ़। हिदी-विभाग, पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ तथा पंजाब नेशनल बैंक के संयुक्त तत्वावधान में हिंदी माह-2024 के उपलक्ष्य में अन्तर्राष्ट्रीय संवाद संगोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक के उप महाप्रबंधक संजीव सिंह, उप महाप्रबंधक सुरेश कुमार शर्मा, मुख्य प्रबंधक संजीव जैन,  प्रबंधक प्रदीप कुमार, बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय रोहतक  के हिन्दी-विभाग के अध्यक्ष डॉ. बाबूराम,  हिन्दी संगम फाउंडेशन न्यू जर्सी अमेरिका के अध्यक्ष अशोक ओझा , वरिष्ठ साहित्यकार प्रेम विज, डॉ. विनोद कुमार शर्मा तथा रेखा मित्तल अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हिंदी-विभाग के अध्यक्ष प्रो० अशोक कुमार,  विभाग संकाय सदस्य प्रो० बैजनाथ प्रसाद, प्रो० नीरजा सूद, शोधार्थी और विद्यार्थी भी मौजूद थे। हिंदी-विभाग द्वारा हिंदी पखवाड़ा मनाया गया जिसमें हिंदी भाषा, साहित्य से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों तथा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। संजीव जैन ने कार्यालयी हिंदी पर विचार रखते हुए कहा कि हिन्दी भाषा संवाद की ही नहीं अपितु रोजगार की भी भाषा है। डॉ.बाबूराम ने प्रवासी साहित्य, अनुवाद, संपर्क भाषा, राजभाषा तथा राष्ट्रभाषा पर विचार रखे। अशोक ओझा ने अमेरिका में हिन्दी की स्थिति से अवगत करवाते हुए कहा कि वहाँ हिन्दी का खूब प्रचार-प्रसार हो रहा है। इस मौके पर विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया। 
 
 
 
 
 
 

   

सम्बंधित खबर