अंतरराष्ट्रीय एंग्लिंग प्रतियोगिता से संवरेंगा पंचेश्वर का पर्यटन

चंपावत, 19 मार्च (हि.स.)। राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विश्व की सबसे ऊंचाई पर स्थित गोल्डन महावीर मछली के लिए प्रसिद्ध विश्व विख्यात एंग्लिंग स्पॉट पंचेश्वर में अंतरराष्ट्रीय एंग्लिंग प्रतियोगिता का आयोजन 4 अप्रैल से 6 अप्रैल तक किया जाएगा।पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित कि जाने वाली इस प्रतियोगिता में देश-विदेश के नामी एंगुलरों के प्रतिभाग करने की संभावना है। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को 31 मार्च तक रजिस्ट्रेशन कराना होगा। भारतीय खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण शुल्क 500 रुपये प्रतिदिन तथा विदेशी खिलाड़ियों के लिए 600 रुपये प्रतिदिन निर्धारित किया गया है।

पर्यटन विभाग के अनुसार, एंग्लिंग प्रतियोगिता काली नदी में पंचेश्वर से धर्माघाट, सरयू नदी में घाट पुल से लेकर चर्मागाड़, चर्मागाड़ ट्रॉली से पंथूयड़ा ट्रॉली तथा पंथूयड़ा ट्रॉली से पंचेश्वर संगम तक आयोजित की जाएगी। पंचेश्वर में पर्यटन व्यवसाय करने वाले ओंकार सिंह धोनी और होशियार सिंह ने सरकार के इस कदम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन से पंचेश्वर के पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी।

गौरतलब है कि पंचेश्वर क्षेत्र काली और सरयू नदियों में पाई जाने वाली दुर्लभ प्रजाति की गोल्डन महाशीर और गूच मछलियों के लिए विश्वविख्यात है। कई वर्षों के बाद आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

   

सम्बंधित खबर