मधुमेह से पनप रहीं कई गम्भीर बीमारियां, सर्तकता जरूरी : प्रो.शैलजा माथुर
- Admin Admin
- Mar 18, 2025

-इविवि में मानव स्वास्थ्य और रोगों में अभिनव हस्तक्षेप पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार
प्रयागराज, 18 मार्च (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में मंगलवार को मानव स्वास्थ्य और रोगों में अभिनव हस्तक्षेप के विषय पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि रुटगर यूनिवर्सिटी अमेरिका की प्रो. शैलजा माथुर ने कहा कि मधुमेह से कई गम्भीर बीमारियां पनप रही हैं। लिवर रक्त में शुगर लेवल को संतुलित करता है।
इस अवसर पर उन्होंने मधुमेह रोकथाम के अनुभव को साझा करते हुए रोकथाम के उपाय भी बताए। उन्होंने पर्याप्त नींद, भोजन में मिलेट्स के उपयोग पर प्रकाश डाला। कहा कि मधुमेह रोकथाम के लिए समुदाय नेतृत्व वाला हस्तक्षेप महत्वपूर्ण है। मधुमेह के जोखिम कारकों, जटिलताओं और प्रारम्भिक निदान पर ध्यान केंद्रित करना आवश्यक है। भारतीयों में मधुमेह के प्रति आनुवंशिक प्रवृत्ति होती है, जिससे प्रारम्भिक जागरूकता महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने बताया कि मधुमेह गम्भीर जटिलताओं का कारण बन सकता है, जिनमें तंत्रिका क्षति, गुर्दे की विफलता, हृदय रोग और आंखों के विकार शामिल हैं। समुदाय नेतृत्व वाले स्वास्थ्य कार्यक्रम मधुमेह रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंत में कहा कि इस व्याख्यान का उद्देश्य मधुमेह के बारे में जागरूकता बढ़ाना और लोगों को मधुमेह रोकथाम के लिए प्रेरित करना था।
खेलों के प्रति कम झुकाव से बढ़ रहा मधुमेह : कुलपतिइविवि की कुलपति प्रो संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि भारत त्योहारों को देश है। इन त्योहारों पर मिठाइयों का अधिक उपयोग कर रहे हैं, इससे हम टाइप टू मधुमेह को रोकने में विफल हो रहे हैं। हमारा शरीर हर समय किसी न किसी बीमारी से लड़ रहा है। नई पीढ़ी में खेलों के प्रति झुकाव कम हुआ है। दैनिक जीवन में खेलों को शामिल न करने से कम उम्र में ही मधुमेह बढ़ रहा है।
पोस्टर मेकिंग में श्रेशिखा सिंह प्रथमकार्यक्रम के दौरान पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान विभाग की श्रेशिखा सिंह को प्रथम पुरस्कार दिया गया। वहीं, जैव रसायन विभाग की डॉ. गरिमा यादव को द्वितीय और खाद्य प्रौद्योगिकी केंद्र की आकांक्षा श्रीवास्तव को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। जन्तु विज्ञान विभाग की स्वेक्षा वर्मा और जैव प्रौद्योगिकी केंद्र की प्रियंका सिंह को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
सरकेडियन क्लॉक एंड एजिंग’ नामक पुस्तक का विमोचनइस अवसर पर ‘सरकेडियन क्लॉक एंड एजिंग’ नामक पुस्तक का विमोचन किया गया। इस पुस्तक को इविवि के डीन रिसर्च और डेवलपमेंट प्रो. एसआई रिजवी और गौरव मजूमदार ने लिखा है। इस मौके पर लेखक प्रो. एसआई रिजवी ने पुस्तक के महत्व पर प्रकाश डाला।
कुलसचिव प्रो. आशीष खरे ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। डीन रिसर्च एंड डेवलपमेंट प्रो. एस.आई रिजवी ने मानव कोशिकाओं के लिए जरूरी ग्लूकोज की मात्रा और उसकी कमी से हुए डायबिटीज के लक्षण और उसके रोकथाम पर प्रकाश डाला और धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन जन्तु विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अरूप ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र