जींद : फर्जी शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 21 लाख ठगने का आरोपित गिरफ्तार
- Vijesh Sharma
- Jun 03, 2026

जींद, 03 जून । साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम टीम ने फर्जी शेयर ट्रेडिंग एवं निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
साइबर थाना जींद के प्रभारी जगदीप सिंह ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि गांव दनौदा निवासी प्रदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके व्हाट्सअप पर एक महिला का संपर्क हुआ। जिसमें उसने स्वयं को एक निवेश कंपनी केदारा कैपिटल लिमिटेड से जुड़ा बताया। जिसमें उसने बताया कि वह शेयर मार्केट में भारी मुनाफा कमा सकता है। उसकी बातो में आकर उसने एक मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करवाई गई। जिसमें उस को अपर सर्किट, ब्लॉक ट्रेड एवं आईपीओ में निवेश के नाम पर प्रतिदिन 10 प्रतिशत तक लाभ तथा एक सप्ताह में निवेश दोगुणा होने का झांसा दिया गया।
झांसे में आकर उसने विभिन्न बैंक खातों में अलग-अलग तिथियों पर कुल 21 लाख 10 हजार रुपये जमा करवाए। बाद में जब शिकायतकर्ता ने अपने निवेश की राशि निकालने का प्रयास किया तो उन्होंने ओर पैसे जमा करवाने के लिए बोला। जिस पर उसको धोखाधड़ी होने का अहसास हुआ। पुलिस ने मामले की जांच व साक्ष्यों के आधार पर आरोपित गांव ओझा बीकानेर (राजस्थान) निवासी उमा शंकर को नियमानुसार गिरफ्तार करके आरोपित की निशानदेही पर 50 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
---------------

