पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने सम्राट चौधरी से की मुलाकात

कटिहार, 28 मई (हि.स.)। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनके सरकारी आवास 1 अणे मार्ग में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को कटिहार आने का औपचारिक निमंत्रण दिया, जिसे स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने शीघ्र ही कटिहार आने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कटिहार के चौमुखी विकास के लिए राज्य सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच कटिहार में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति पर समीक्षा की गई। इसके साथ ही कटिहार के औद्योगिक, पर्यटकीय और आधारभूत संरचनाओं (इंफ्रास्ट्रक्चर) के विकास के संबंध में भी विस्तृत चर्चा हुई। पूर्व उप मुख्यमंत्री ने स्थानीय शासन को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से ग्राम कचहरी में कार्यरत कर्मियों तथा स्थानीय नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों के नियत भत्ते में सम्मानजनक वृद्धि करने का भी आग्रह किया।

तारकिशोर प्रसाद ने कटिहार सदर प्रखंड परिसर में निर्माणाधीन प्रखंड एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया। उन्होंने मांग की कि इस परिसर में प्रखंड एवं स्वास्थ्य कर्मियों के लिए नए आवासीय भवनों का निर्माण कराया जाए। उन्होंने बताया कि पूर्व से निर्मित आवासीय भवन पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं और अब रहने लायक नहीं बचे हैं, जिसके कारण प्रखंड स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों को वहाँ रहने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

   

सम्बंधित खबर